शामली। नगरपालिका परिषद शामली में वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतों के चलते उप लोक आयुक्त ने डीएम से बिंदुवार जांच कर 13 मई तक रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
नगरपालिका के वार्ड 16 से सभासद अनिल उपाध्याय व वार्ड 13 के सभासद निशिकांत संगल ने वर्ष 2023 में उप लोक आयुक्त लखनऊ के यहां शिकायत करते हुए नगरपालिका में पथ प्रकाश विभाग में लाइट और उपकरण, स्टील के डस्टबिन खरीदने, पोकलेन मशीन की खरीद करने, पुरानी जेसीबी मशीन को ठीक कराने, नई जेसीबी खरीदने समेत करीब 13 मामलों में वित्तीय अनियमितताएं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जांच कराकर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए उप लोक आयुक्त लखनऊ ने डीएम शामली को पत्र भेजकर इन प्रकरणों की जांच कर 13 मई तक रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।