गढ़ीपुख्ता (शामली)। अखिल भारतीय जाट महासभा के युवा जिलाध्यक्ष मुकुल चौधरी को अनजान नंबर से फोन कर खुद को लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताकर धमकी देने वाली महिला की पहचान जयपुर निवासी के रूप में हुई है।
पुलिस को जांच में महिला के जयपुर में होने की जानकारी मिली है। आरोपी महिला को पकड़ने के लिए एसओजी और पुलिस की टीम जयपुर पहुंची है।
गांव जनकखेड़ी निवासी मुकुल चौधरी ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया था कि दो सितंबर को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी की थी। इसमें लॉरेंस बिश्नोई समेत अन्य गैंग के बारे में चर्चा की गई थी। इसके बाद बुधवार को उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाली महिला ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि महिला ने हथियारों के साथ अपनी फोटो भी भेजी थी। मुकुल चौधरी का कहना है कि धमकी भरी कॉल आने के बाद वह और उनका परिवार भयभीत है। परिवार के लोग घर स बाहर भी नहीं निकल पा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक नरेंद प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस टीम महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ करेगी। इसके बाद धमकी देने के पीछे की वजह और किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।