स्वीकृति मिलने पर भी नहीं हुआ पुल का चौड़ीकरण
शामली, कांधला। छोटी नहर पुल का चौड़ीकरण न होने के कारण आए दिन कस्बे में जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके साथ ही इस तंग पुल के कारण कई बार यहां पर वाहनों के नहर में गिरने से हादसे हो चुके हैं। इस समस्या के निदान के लिए लोग काफी समय से प्रशासन से मांग कर रहे हैं। प्रस्ताव पास होने के बावजूद पुल का चौड़ीकरण नहीं हो सका है।
पुल के चौड़ीकरण के लिए कई बार व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने विधायक व डीएम से मिलकर इस समस्या के समाधान की मांग की। लोगों की परेशानी को देखते हुए विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने प्रस्ताव बनवाकर शासन को भिजवाया था। जिस पर स्वीकृति मिलने के बाद भी इस पुल पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। जिसके कारण कस्बे के साथ ही देहात क्षेत्र के लोगों को भी परेशानी से जूझना पड़ रहा है। जिससे लोगों में रोष है।
व्यापार मंडल के महामंत्री अमित गर्ग कहते है कि कस्बे के साथ ही चारों ओर का देहात व हरियाणा से आवागमन का यही मार्ग है। जिसके कारण आए दिन यहां पर वाहनों की लंबी कतार पुल तंग होने के कारण लगी रहती है, इसका चौड़ीकरण जल्द होना चाहिए।
गांव हुरमंजपुर निवासी उधल चौधरी कहते है कि तंग पुल होने के कारण आए दिन यहां पर हादसे होते है कई बार ई-रिक्शा सवारी सहित नहर में गिर चुकी है। प्रशासन यहां पर किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य सतवीर पंवार कहते हैं कि काफी समय से लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन बार बार शिकायत के बाद भी प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। कस्बे से हरियाणा को जोड़ने के लिए एकमात्र इस पुल के रास्ते से होकर वाहन गुजरते हैं, रोजाना यहां पर जाम के हालात बने रहते हैं।
युवा व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष सचिन गोयल ने बताया कि व्यापारियों के सामने लगातार पुल तंग होने के कारण परेशानी रहती है। कई बार इसके चौड़ीकरण की मांग उठाई, लेकिन आदेश के बाद भी काम शुरू नहीं हो पा रहा है। चौड़ीकरण की मांग व्यापारी अमित मित्तल ने उठाई थी। पालिका के पूर्व ईओ के साथ नोकझोंक व उनके ड्राइवर के द्वारा मारपीट करने के बाद हंगामा प्रदर्शन तक हुआ लेकिन अभी तक इस समस्या का कोई समाधान नहीं हो पाया है।