पूरा शहर गन्ने के जाम से जूझा
शामली। सोमवार को पूरा शहर गन्ने के जाम से जूझा। जाम के कारण जिंदगी बेहाल हो गई। लोगों ने जाम से बचने को अपने दुपहिया गली-मोहल्लों से निकाले तो वह भी जाम हो गई। दोपहर तक शहर की सड़कें और अधिकतर गली मोहल्ले जाम से जूझते रहे। हाहाकार मचा तो ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया। शाम पांच बजे बाजार बंद हुए तो शहर के कुछ हालात सुधरे। जाम की वजह शुगर मिल का तकनीकी खराबी से बंद होना है। अधिक गन्ना आना माना जा रहा है, लेकिन गन्ने का जाम लोगों के जी का जंजाल बन गया है। इसके स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं हुए । अमर उजाला ने सोमवार को शहर के विभिन्न स्थानों का हाल जाना पेश है रिपोर्ट।
एमएसके रोड पर सड़कों के दोनों तरफ घुसे गन्ने के वाहन
सुबह आठ बजे एमएसके रोड पर धीमानपुरा फाटक से लेकर शिव चौक तक गन्ने से भरे ट्रक-ट्रैक्टर खड़े थे। लंबी कतार थी। उधर, दिल्ली-सहारनपुर और मुजफ्फरनगर की ओर से आने वाले ट्रक आदि बाईपास पर भी जाम लगा होने की वजह से शहर के अंदर से ले आए। चूंकि सड़क के एक ओर गन्ने के वाहन लदे थे तो ट्रक चालकों ने सड़क की ओर से रॉंग साइड से ट्रक निकालने की कोशिश की, जिससे शिव चौक पर जाम लग गया।
रेलवे क्रासिंग से ही पार कर ले गए वाहन
धीमानपुरा फाटक पर रेलवे क्रासिंग पर बुरी तरह जाम था। सड़क ब्लॉक थी। शहर के अंदर माजरा रोड पर जाने वाला रोड भी जाम हो गया था। रेलवे स्टेशन की ओर बाईपास से निकलने वाली सड़क भी माल वाहक वाहनों से भरी थी। ऐसे में कई दुपहिया और साइकिल सवार लोग जाम में फंस गए तो उन्होंने अपनी बाइक स्कूटर को रेलवे क्रासिंग के पास से ही निकालनी शुरू कर दी थी।
मंदिर -अस्पताल जाने का रास्ता भी बंद
शहर के बुढ़ाना रोड पर बुरा हाल रहा। बाईपास से लेकर शहर के अंदर अजंता चौक पर पूरी रोड माल वाहक वाहनों से भरी थी। आईसीआईसीआई बैंक के सामने से शहर के हनुमान धाम की ओर जा रही रोड पर गन्ने के वाहनों की लंबी कतार थी। इसी रोड पर शामली सीएचसी पड़ती है और आगे प्राचीन हनुमान धाम मंदिर है। रोड पर जाम के कारण बुरा हाल था।
गलियां भी जाम, लोग परेेशान
सड़कों पर जाम लगने से लोग मुजफ्फरनगर अड्डे के पास पेट्रोलपंप वाली गली से वाहन निकालने लगे तो ये गली भी जाम हो गई। इसी तरह वीवी इंटर कालेज रोड बंद होने से लोगों ने नए बाजार, गांधी बाजार की तरफ से दुपहिया निकाले तो वहां भी जाम लग गया था। कुछ ने नाला पटरी सब्जी बाजार से दुपहिया और ई-रिक्शा निकाली तो वहां भी जाम लगता रहा। शुगर मिल रोड की ओर से मंडी और जैन मंदिर रोड से लोग दुपहिया और ई रिक्शा लेकर जाते रहे और ये मार्ग भी जाम से जूझते रहे।
रूट डायर्जन कराकर रोके गए वाहन : यातायात निरीक्षक
पुलिस विभाग के यातायात निरीक्षक भंवर सिंह ने बताया कि कई गन्ना वाहन चालकों ने आडे़ तिरछे वाहन खडे किए थे। इस कारण समस्या बनी। उधर, गन्ना अधिक आने की वजह से समस्या बनी। मिल भी बंद रहने से जाम लगा। करीब 12 बजे मेरठ-करनाल हाईवे पर शहर की ओर आने वाले वाहनों को झिंझाना गाडीवाला मोड़ से ही थानाभवन की ओर निकलवाया गया। कुछ को कैराना की ओर से दिल्ली रोड पर निकाला गया था। इसी तरह अन्य छोटे डायवर्जन करके शहर के अंदर आने वाले वाहन रोके गए। इसके बाद शाम को पांच बजे बाजार बंद हुए तो जाम से कुछ राहत मिली।
केन
शुगर मिल के जीएम केन कुलदीप पिलानिया के अनुसार रविवार को बारिश आने पर तकनीकी खराबी की वजह से मिल करीब तीन चार घंटे बंद रही। उधर, मिल बंदी की ओर है। 10 जून तक बंदी का नोटिस भी दिया गया है। इस वजह से भी किसान गन्ना अधिक लेकर आए हैं। संभवत : तीन चार दिन में मिल पेराई सत्र बंद करके बंद हो जाएगी। शहर में जाम की वजह आज काफी ट्रैफिक छोड़ा जाना भी रहा है।
कुलदीप पिलानिया ,जीएम केन शामली मिल
ज्यादा गन्ना पेरा मिल ने
शुगर मिल ने पिछले साल इस समय तक करीब 1.08 करोड़ क्विंटल गन्ना पेरा था, जबकि इस बार 1.18 करोड़ क्विंटल गन्ना पेर चुकी है। बंदी के आखिरी दिनों में थोड़ी समस्या रहती है। जल्द मिल का पेराई सत्र पूरा हो जाएगा।
विजय बहादुर सिंह ,डीसीओ
कोट
मिल का पेराई सत्र पूरा होने वाला है। इसलिए किसान गन्ना अधिक ला रहे हैं। यातायात पुलिस को व्यवस्था के लिए लगाया गया था। शुगर मिल से भी कहा गया है कि वह इंडेंट कम जारी करें, ताकि शहर में अधिक गन्ना ना आए धीरे धीरे गन्ना मंगाए। इस समस्या का समाधान भी निकाला जाएगा।
जसजीत कौर डीएम शामली
शामली गन्ने की ट्राली के बीच से निकलती महिला।- फोटो : SHAMLI
शामली में धीमानपुरा फाटक पर लगा लंबा जाम।- फोटो : SHAMLI
शामली एमएसके रोड पर गन्ने की ट्रैक्टर ट्राली से लगा भीषण जाम।- फोटो : SHAMLI
शामली धीमान पुरा मार्ग पर गन्ने के वाहनों से लगा जाम।- फोटो : SHAMLI