कैराना। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान में तेजी दिखाते हुए एक ही दिन में 12 हजार का सम्मन शुल्क वसूल किया। रविवार सांय पुलिस ने कांधला तिराहे, शामली रोड और चौक बाजार में वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने आधा दर्जन बाइकों को सीज कर दिया।
साथ ही पुलिस ने बिना डीएल, बिना आरसी, ट्रिपल राइडिंग, बिना प्रदूषण, बिना इंश्योरेंस बाइक चलाने वालों से 12 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया। इससे दो दिन पूर्व भी पुलिस ने बिना आरसी के बाइक चला रहे एक युवक से पांच हजार रुपये जुर्माना वसूल किया। कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि बिना नंबर प्लेट व बिना आरसी वाली बाइकों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज किया जाएगा।
अभियान चलाकर उतारे हूटर और झंडे
थानाभवन/शामली। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने सोमवार को थाने के गेट पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसमें ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी आदि सहित गाड़ियों की चेकिंग भी की गई। चेकिंग के दौरान शामली की ओर से आ रही टाटा सफारी पर लगे हूटर को हटवाते हुए पुलिस ने जुर्माना वसूला।
वहीं सहारनपुर की ओर से आ रही रुड़की भाजपा जिला महामंत्री की गाड़ी पर लगी नेमप्लेट भी हटवाई गई। चेकिंग में 52 वाहनों का चालान किया गया। उधर, शामली में यातायात पुलिस ने हूटर लगे ट्रक समेत तीन वाहनों को पकड़ा है। अभी तक बीस वाहनों से 45 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है।