शामली। लोनी और खेकड़ा के बीच 19 सी पर उपरिगामी पुल का निर्माण शुरू होने से रेलवे की ओर से साढ़े तीन घंटे का ब्लाॅक लिए जाने से सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को शामली तक संचालित किया गया। इस ट्रेन को साढ़े तीन बजे के बाद शामली से सहारनपुर के लिए चलाया गया। हरिद्वार से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को टपरी से लेकर दिल्ली तक संचालित किया गया।
बुधवार को उत्तर रेलवे की ओर से दिल्ली-शामली, सहारनपुर रेलवे मार्ग पर लोनी और खेकड़ा के बीच 19 सी रेलवे फाटक पर उपरिगामी पुल निर्माण के लिए सुबह 11.15 बजे से लेकर 2.15 तक रेलवे का ब्लॉक लिया गया था। रेलवे ब्लॉक के कारण सहारनपुर से चलकर शामली सुबह 9 बजे आने वाली पैसेंजर ट्रेन 04430 को शामली रेलवे स्टेशन पर संचालित किया गया। शामली रेलवे स्टेशन पर यह पैसेंजर ट्रेन साढ़े छह घटे तक खड़ी रही। बाद में इस पैसेंजर ट्रेन को दोपहर बाद साढ़े तीन बजे शामली से सहारनपुर को संचालित किया गया। ऋषिकेश और हरिद्वार से चलकर शामली से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर को टपरी से लेकर दिल्ली तक बीच के स्टेशनों पर रोक-रोककर संचालित करना पड़ा। उत्तर रेलवे के यातायात निरीक्षक सुनील धीमान ने बताया कि सुबह 11.15 बजे से लेकर 2.15 बजे तक रेलवे फाटक 19सी पर उपरिगामी पुल निर्माण का कार्य चलता रहा। शामली से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन स्थगित रहने से शामली से दिल्ली जाने वाली सवारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सवारियों को दिल्ली जाने के लिए रोडवेज का सहारा लेना पड़ा।
-यह बोले यात्री
शामली जिले के बाबरी गाव के सुरेश का कहना है कि उसे खेकड़ा शादी समारोह में जाना था। ब्लॉक की जानकारी न होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
बागपत के महिपाल सिंह का कहना कि वह शामली आया था। बुधवार को उसे ट्रेन से जाना था। ट्रेन स्थगित होने से दो घंटे ट्रेन का इंतजार करना पड़ा। दूसरी ओर शामली की महिला बालादेवी का कहना था कि वह शामली से बावली जाने के लिए ट्रेन का इंतजार करती रही।