शामली के शिव चौक पर धूप से बचने को स्कूटी पर मुँह ढककर जाता युवक।।संवाद
शामली। बारिश के अगले दिन सुबह से चिलचिलाती धूप निकली। उमस भरी गर्मी से लोग जूझते रहे। मौसम में बदलाव होने से अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई।
जिले में रविवार को दिन में बारिश हुई। बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। सोमवार को फिर से मौसम में बदलाव आया। सुबह से ही तेज धूप निकली। धूप निकलने के साथ ही उमस बनी रही। उमस बनने से पसीने की चिपचिपाहट बनी रही, जिससे लोग परेशान रहे। उमस भरी गर्मी में लोगों को पंखे व कूलर भी राहत नहीं दे सके। दोपहर के समय तेज धूप से बचने के लिए लोग सिर व मुंह पर कपड़ा लपेटकर जाते हुए दिखाई दिए।
दोपहर बाद बीच-बीच में हल्के बादल छाए, लेकिन गर्मी से कोई राहत नहीं मिल सकी। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस बढ़कर 35 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जबकि न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस कम होकर 27 डिग्री सेल्सियस रहा।
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के मौसम वैज्ञानिक डॉ. श्वेता सिंह ने बताया कि मंगलवार को मौसम सुबह बादल छाने और दोपहर में धूप निकलने के आसार है। कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ने के संभावना है।