शामली। नए शैक्षणिक सत्र के पहले दिन स्कूलों में बच्चों के स्वागत के लिए रोली-टीका और मीठे का विशेष आयोजन किया गया था, लेकिन बच्चों की उपस्थिति बेहद कम रहने से पूरा कार्यक्रम फीका पड़ गया। कई स्कूलों में कक्षाएं लगभग खाली रहीं। कहीं पर बच्चे पहुंचे लेकिन वह भी अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहे। कई स्कूलों में छात्र ही स्कूल नहीं पहुंचे तो शिक्षकों के सामने सवाल खड़ा हो गया कि आखिर किसे रोली-टीका किया जाए और किसे मीठा खिलाया जाए। रिपोटिँग टीम को स्कूलों में इस प्रकार के हालात मिले।शामली के स्कूलों का हाल
शामली नगर के प्राथमिक विद्यालय नंबर 13 में प्रधानाध्यापिका रेणू ने बताया कि विद्यालय में 43 छात्र-छात्रा पंजीकृत हैं। मौके पर केवल एक छात्र कक्षा चार का मिला। कंपोजिट विद्यालय झाल में प्रधानाध्यापक बलराज सिंह मलिक ने बताया कि विद्यालय में 177 छात्र-छात्रा पंजीकृत है, लेकिन पहले दिन केवल आठ से 10 छात्र ही आए। कन्या उच्च कंपोजिट विद्यालय माजरा रोड शामली में 77 पंजीकृत बच्चों में से मौके पर कोई छात्र कमरे में नहीं मिला। प्रधानाध्यापक रविकांत ने बताया कि दो छात्र आए थे, लेकिन वह भी चले गए। कंपोजिट विद्यालय सिंभालका में हालात अच्छे रहे कि 177 बच्चों में से कुल 58 उपस्थित मिले।
थानाभवन : प्राथमिक नंबर एक में 371 पंजीकृत बच्चों में से 125 के लगभग बच्चे विद्यालय पहुंचे। प्रधानाध्यापिका अनिता रानी व शिक्षिकाओं ने बच्चों का रोली-टीका करते हुए पुष्प वर्षा की। बच्चों को मीठे के रूप में हलवा खिलाया गया।
जलालाबाद : उच्च प्राथमिक विद्यालय में कुल 326 छात्र-छात्रा पंजीकृत है। लेकिन स्कूल में एक भी छात्र-छात्रा उपस्थित नहीं मिले। एक सफाई कर्मचारी सफाई करता मिला। प्रधानाध्यापक भूप सिंह ने बताया कि सभी परिजनों को ग्रुप के माध्यम से सूचित किया गया था।
कैराना : कंपोजिट कन्या जूनियर हाईस्कूल में कुल 150 छात्र-छात्राएं पंजीकृत है, मौके पर केवल 15 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। कंपोजिट विद्यालय शास्त्री में 132 छात्र-छात्राओं में से मौके पर एक भी छात्र-छात्रा उपस्थित नहीं मिला। बाद में प्रधानाध्यापक शमीम ने बच्चों के परिजनों को फोन करते हुए 24 छात्र-छात्राओं को स्कूल बुलवाया।
सभी प्रधानाध्यापकों को विभाग से मिले निर्देशों से अवगत कराया गया था, वहीं बच्चों को घर से बुलाने के भी निर्देश दिए गए थे। इसके बाद भी अगर कहीं लापरवाही हुई है तो नोटिस जारी करते हुए जवाब मांग जाएगा। - संतोष कुमार, बीएसए।
उच्च कन्या कंपोजिट विद्यालय माजरा रोड पर खाली कमरे। संवाद