शामली। दिल्ली-शामली, सहारनपुर हाईवे से जसाला गांव के मंदिर तक 1.45 किमी लंबाई की छह मीटर सीसी सड़क का निर्माण होगा। इस सीसी सड़क पर दो करोड़ 89 लाख रुपये रुपये खर्च होंगे। शासन ने त्वरित विकास योजना में इस सीसी सड़क निर्माण के लिए प्रथम किश्त के रूप में एक करोड़ 45 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी है। पंचायत चुुनाव समाप्त होने के बाद ग्रामीण अभियंता विभाग की ओर से सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
छह माह पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली-शामली, सहारनपुर हाईवे से जसाला गांव जाने वाली 3.75 मीटर चौड़ाई वाली सड़क का नामकरण अमर शहीद कैप्टन मदन पाल चौहान के नाम पर करने की घोषणा कर चुके हैं। निवर्तमान एमएलसी व वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह ने ढाई माह पूर्व लखनऊ में मुख्यमंत्री से मिलकर दिल्ली-शामली सहारनपुर हाईवे से जसाला गांव को जोड़ने वाली 1.45 किमी लंबाई की छह मीटर सीसी सड़क बनवाने, इस्सोपुर टील में यमुना का स्नान घाट व श्मशान घाट का निर्माण कराने, इस्सोपुर टील तक जाने वाली साढ़े सात मीटर सीसीसड़क निर्माण और मंदिर के सुंदरीकरण की मांग की थी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर दिल्ली-शामली, सहारनपुर हाईवे से जसाला गांव जाने वाली 3.75 मीटर चौड़ाई वाली सड़क को छह मीटर चौड़ाई और 1.45 किमी लंबाई की सीसी सड़क निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से दो करोड़ 89 लाख रुपये का इस्टीमेट शासन को भेजा गया था। शासन ने त्वरित विकास योजना में दिल्ली- शामली, सहारनपुर हाईवे से जसाला गांव जाने वाली सीसी सड़क निर्माण के लिए दो करोड़ 89 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। जसाला गांव की इस सड़क निर्माण के लिए प्रथम किश्त के रूप में एक करोड़ 45 लाख रुपये की धनराशि त्वरित विकास योजना में अवमुक्त कर दी है।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभिंयता जवाहर सिंह ने बताया कि दिल्ली- शामली, सहारनपुर हाईवे से जसाला मार्ग मौजूदा समय में 3.75 मीटर चौड़ाई का है, जिसे 6 मीटर चौड़ा किया जाएगा। पंचायत चुनाव खत्म होने के बाद सीसी सड़क निर्माण के लिए टेंडर छोड़ा जाएगा।
----------
गंदेवड़ा संगम की तर्ज पर विकसित होगा इस्सोपुर टील यमुना घाट
शामली। निवर्तमान एमएलसी वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि हाईवे से गांव के मंदिर तक जाने वाली सड़क के दोनो ओर पांच -पांच मीटर इंटर लाकिंग कार्य होगा। इस्सोपुर टील यमुना घाट को गंगा- यमुना संगम गंदेवड़ा की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। दो करोड़ रुपये की लागत से इस्सोपुर टील में यमुना घाट का निर्माण कराया जाएगा। इस्सोपुर टील जाने के लिए साढ़े सात मीटर सीसी सड़क, मंदिर का सुंदरीकरण, श्मशानघाट का निर्माण कराया जाएगा। शासन को इस्सोपुर टील को विकसित करने के लिए इस्टीमेट जा चुका है। जसाला गांव में डीएम निधि से खेल स्टेडियम का सुंदरीकरण कराया जाएगा। गौरतलब है कि इस्सोपुर टील को विकसित करने के लिए मुख्यमंत्री पयर्टन विकास योजना के लिए तहत 50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। संवाद