शामली। कलक्ट्रेट में चल रहा लेखपालों का धरना बुधवार को एसडीएम सदर के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया।
बुधवार को उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के जिला अध्यक्ष ओमपाल सिंह, शामली तहसील अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में चल रहे बेमियादी धरने पर सुबह एसडीएम सदर श्याम अवध चौहान पहुंचे।
उन्होंने समस्त समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष, शामली तहसील अध्यक्ष ने बताया कि 20 अक्तूबर 2015, तीन नवंबर, 22 दिसंबर, 6 जनवरी, 19 फरवरी को एसडीएम व तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा था। मगर अभी तक समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है।
ज्ञापन में लेखपालों का महंगाई भत्तों की किश्तों का 51 प्रतिशत से लेकर 119 प्रतिशत तक की किश्तों का एरियर का बकाया अविलंब भुगतान कराए जाने, भगत सिंह, राजाराम शर्मा सुरेश पाल शर्मा, अनिल कुमार के एसीपी व वेतन वृद्धि के एरियर का भुगतान, मिंटू सिंह, कुलदीप कुमार लेखपालों के वेतन निर्धारण का एरियर आदि मांगों को पूरा करने की अपील की।
एसडीएम सदर श्याम अवध चौहान के आश्वासन पर लेखपालों ने अपना धरना स्थगित कर दिया। धरने में लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष ओमपाल सिंह, शामली तहसील अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, तहसील सचिव रामपाल सिंह, पूर्व सचिव श्यामलाल सैनी, प्रेमपाल सिंह, मुकेश कुमार समेत तहसील के लेखपाल मौजूद रहे। अध्यक्षता रामपाल सिंह मलिक ने की।