जेब पर भारी पड़ने लगे सब्जियों के दाम
मुजफ्फरनगर। सब्जियों के दाम में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी अब आम लोगों की जेब पर भारी पड़ने लगी है। एक हफ्ते में ही सब्जियों के दाम में 20 से 50 फीसदी तक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। होटल-रेस्टोरेंट खुलने से बढ़ी मांग और बारिश से आवक घटने के चलते सब्जियों के दाम में बढ़ी महंगाई से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
सूबे में कोरोना संक्रमण के मामले घटने के चलते शासन ने 21 जून को होटल-रेस्टोरेंट 50 फीसदी सिटिंग प्लान व कोविड गाइडलाइन के साथ खोले जाने को मंजूरी दी थी। होटल-रेस्टोरेंट खुलते ही सब्जियों की खपत एकाएक बढ़ गई है। वहीं, दस दिन से शुरू हुई बारिश ने सब्जियों की फसल को नुकसान पहुंचाया है, जिससे उनकी गुणवत्ता खराब होने के साथ ही आवक भी कम हुई है। इसका असर भी सब्जियों की कीमतों पर पड़ा है। लगभग सभी सब्जियों के दाम एक सप्ताह के भीतर 20 से 50 फीसदी तक बढ़ गए हैं। इनमें आलू-प्याज व टमाटर के साथ ही तोरी, लौकी, हरा धनिया, भिंडी, कच्चा आम, बींस, शिमला मिर्च, हरी मिर्च समेत कई अन्य सब्जियां शामिल हैं।
- सब्जी आढ़ती इलमचंद व सुभाष सैनी का कहना है कि बारिश ने सब्जियों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया है, इसके चलते कई लोकल सब्जियां तो खत्म ही हो गईं हैं। अब इनकी आपूर्ति दिल्ली व देहरादून मंडी से हो रही है, जिससे दाम बढ़े हैं।
- सब्जी विक्रेता राकेश कुमार व राहुल ने बताया कि बारिश से सब्जियों की क्वालिटी पर असर पड़ा है। वहीं, होटल-रेस्टोरेंट खुलने से कुछ सब्जियों की डिमांड बढ़ी है, जिससे दाम बढ़े हैं।
सब्जियां पहले दाम वर्तमान दाम (प्रति किलो)
प्याज 24-28 रुपये 35-38 रुपये
टमाटर 12-15 रुपये 20-25 रुपये
अदरक 80-100 रुपये 120 रुपये
हरी मिर्च 16-20 रुपये 30-40 रुपये
तोरी 20 रुपये 40 रुपये
लोकी 15-20 रुपये 32 रुपये
हरा धनिया 20 रुपये 60 रुपये
भिंडी 30-32 रुपये 48 रुपये
बींस 40 रुपये 120 रुपये
मूली 20 रुपये 30-32 रुपये
गाजर 30 रुपये 60 रुपये
बैंगन 24-30 रुपये 40-50 रुपये
खीरा 28-30 रुपये 40 रुपये
पत्तागोभी 12 रुपये 20 रुपये
फूलगोभी 30-40 रुपये 80 रुपये