शामली। थाने से चंद कदम दूर हुई पूर्व सभासद के पुत्र की हत्या के मामले में पुलिस ही सवालों के घेर में है। विकास के परिजनों का आरोप है कि पुलिस की शह पर ही सट्टे का कारोबार चलता है। सट्टा कारोबारियों का वर्चस्व इतना है कि वह थाने से चंद कदम की दूरी पर हत्या कर फरार हो गए। जबकि सट्टा कारोबारी का पुलिस कर्मियों को पीटने का मामला अभी तक क्षेत्र के लोगों के जहन में है।
विकास की हत्या के बाद से ही क्षेत्र में चर्चा है कि पुलिस कर्मियों को सरेराह पीटने के बाद भी सट्टे का कारोबार नहीं थमा। दरअसल, कुछ साल पहले नगर पंचायत चेयरपर्सन पति ने सट्टे के कारोबार के चलते दो दरोगाओं को बुरी तरह पीटा था। तब तत्कालीन एसएसपी को झिंझाना आकर मोर्चा संभालना पड़ा था और आरोपी जेल गए थे। लेकिन एक बार फिर इस क्षेत्र में सट्टे का कारोबार बहुत तेजी से बढ़ गया। विकास की दुकान पर कुछ पुलिस वाले दूध खरीदने आते हैं। जिसकी वजह से सट्टे का कारोबार करने वाले उस पर शक करने लगे।
एक आरोपी को एक दिन पहले ही पुलिस ने छोड़ा
विकास के पिता दिलदार सैनी का कहना है कि हत्या करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने दो दिन पहले शुक्रताल से हिरासत में लिया था। जिसे बुधवार को छोड़ दिया गया। इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके पुत्र विकास की गोली मारकर हत्या कर दी।
पिता ने दी दूसरी तहरीर
घटना के बाद दिलदार सैनी के चचेरे भाई रामकुमार ने तहरीर दी थी। जिसमें हरिओम और सुनील कश्यप को जानलेवा हमले के मामले में नामजद किया गया था। बृहस्पतिवार सुबह दिलदार सैनी ने मोहल्ले के ही विजय वर्मा और प्रवेश पुत्र धम्मू निवासी अगड़ीपुर को नामजद करते हुए तहरीर दी।
अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पिछले कई दिनों से प्रदेश में हो रहे अपराधों पर सरकार को सोशल मीडिया पर घेर रहे हैं। इस हत्या को लेकर भी अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार सुबह ट्वीट किया। जिस पर बड़ी संख्या में समर्थकों ने कॅमेंट किए हैं।
भाई-बहनों में सबसे बड़ा था विकास
विकास अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उससे छोटी बहन मानसी 20 व रिया 18 हैं। इसके बाद भाई विशाल 16, वंश 14 हैं। विकास की हत्या के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वर्जन
परिजनों ने जिन लोगों का नाम बाद में दिया है, उन्हें जांच में शामिल किया जाएगा। सट्टे को लेकर जो भी सूचनाएं मिली हैं, उनकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।- सुकीर्ति माधव, एसएसपी।
शामली : झिंझाना मोहल्ला ताड़वाला निवासी विकास का फाइल फोटो।- फोटो : SHAMLI