शामली में निर्माणाधीन पुलिस लाइन का भवन। संवाद
शामली। पूर्वी यमुना नहर के किनारे भैंसवाल गांव के जंगल में निर्माणाधीन पुलिस लाइन में टाइप चार के बारह आवास, फील्ड यूनिट प्रयोगशाला, मैकेनिकल ट्रांसपोर्ट कार्यालय, कैंटीन, पुस्तकालय एवं मार्केट की दुकानों समेत 10-15 कार्यालय अगले डेढ़ माह में बनकर तैयार हो जाएगे। आगामी 30 मई के बाद कार्यालयों को हैंडओवर कर दिया जाएगा।
पूर्वी यमुना नहर के किनारे भैंसवाल-गोहरनी गांव के जंगल में 50 एकड़ भूमि में नई पुलिस लाइन की भूमि आरक्षित है। पुलिस लाइन की आधारशिला एवं भूमि पूजन गत एक मार्च 2020 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर चुके हैं। 31 मार्च 2022 को शामली की नई पुलिस लाइन के लिए 198 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त हो चुकी है। शासन की ओर से नवीन पुलिस लाइन के लिए इंदौर की कंपनी को निर्माण की जिम्मेदारी मिली है। सितंबर 2025 तक पुलिस लाइन का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।
पिछले दो साल से नवीन पुलिस लाइन में इंदौर के ठेकेदार की ओर पुलिस लाइन की चहारदीवारी, 10- 12 मंजिला आवासीय भवन, पुलिस माॅडल स्कूल, फील्ड यूनिट लैब, कैंटीन, पुस्तकालय, पुलिस अस्पताल, गार्द रूम, पुलिस मार्केट का युद्धस्तर पर निर्माण कार्य चल रहा है। इंदौर के निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर जया यादव ने बताया कि कुछ कार्यालयों का निर्माण आगामी 15 मई तक पूरा कर देंगे। 30 मई के बाद पुलिस लाइन के 10 से लेकर 15 कार्यालय भवनों को हैंडओवर कर दिया जाएगा।
- शामली मंडी में चल रही अस्थाई पुलिस लाइन
शामली। जिला बनने के बाद पिछले 14 सालों से शामली की नई पुलिस लाइन में अस्थाई रूप से शामली कृषि मंडी परिषद परिषद में चल रही है। नवीन पुलिस लाइन का निर्माण पूरा होने के बाद शामली मंडी से पुलिस लाइन शिफ्ट हो जाएगी।