दो हजार के लक्ष्य के सापेक्ष 1500 के करीब लिए जा रहे नमूनों
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। प्रदेश में कोरोना के केस बढ़ रहे हैं, लेकिन शामली में नमूने लेने जांच करने की रफ्तार सुस्त पड़ गई है। शासन से जिले को दो हजार नमूने लेने का लक्ष्य दिया गया है परंतु 1500 के करीब सैंपल लिए जा रहे हैं।
यूपी व दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में कोरोना के केस लगातार बढ़ने से शासन की चिंता बढ़ गई है। इसके चलते शासन ने सभी जिलों के स्वास्थ्य विभाग को कोरोना संक्रमण की रोकथाम और उपचार की तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए हैं। पड़ोसी जिले सहारनपुर व मेरठ में भी कोरोना के केस मिल रहे हैं। शामली जिले में इस महीने के पहले पखवाडे़ में कोरोना के सात केस मिले हैं, हालांकि सभी लोग होम आइसोलेशन में रहकर स्वस्थ हो चुके हैं। इस समय जिले में कोरोना का कोई सक्रिय केस नहीं है।
इसी प्रकार अप्रैल व मई में भी कोरोना के केस मिले थे। शासन स्तर से जिले को एक हजार एंटीजन और इतने ही आरटीपीसीआर सैंपलों की जांच कराने का लक्ष्य दिया गया है। कोरोना कम होने के बाद से सैंपल लेने की रफ्तार मंद पड़ गई है। जिले में अब 1500 के करीब सैंपल रोजाना लिए जा रहे हैं। इनमें आधे एंटीजन और आधे सैंपल की जांच आरटीपीसीआर कराई जा रही है।
जिले में बृहस्पतिवार को 738 एंटीजन और इतने ही सैंपल आरटीपीसीआर यानि कुल 1516 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इससे पहले दिन बुधवार को 759 एंटीजन और 758 आरटीपीसीआर कुल 1517 सैंपल जांच को भेजे गए थे। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. जाहिद अली त्यागी ने बताया कि लक्ष्य के आसपास ही सैंपल लिए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए कोविड 19 गाइड लाइन का पालन करते हुए फेस मास्क लगाए और सामाजिक दूरी का पालन करते रहें।