शामली। पुलिस ने अंकित हत्याकांड में चारों शार्प शूटरों के अलावा करनाल जेल में बंद पंपू गिरोह के राकेश उर्फ पंपू, दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद रोहित और गोगी गिरोह के सरगना भोलू शाहपुरिया के नाम भी मुकदमे में बढ़ाए हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों की भूमिका की जांच की जा रही है। संवाद
पंजाब से हथियार खरीदकर शूटरों तक पहुंचाता था गोगी गिरोह
अंकित हत्याकांड की जांच में पुलिस को हथियारों की सप्लाई को लेकर भी अहम जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार, गोगी गिरोह पंजाब से हथियार खरीदकर अपने शार्प शूटरों तक पहुंचाता था। सोनीपत के शूटरों को भी पंजाब से पिस्टल उपलब्ध कराए जाने की आशंका है। पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है।
गर्लफ्रेंड से पूछताछ में जुटी पुलिस
करनाल के दोनों वांछित शार्प शूटर सत्यम और आर्यन के संबंध में पुलिस उनकी गर्लफ्रेंड से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार दोनों कुछ समय पहले तक गर्लफ्रेंड के संपर्क में थे, लेकिन अब उनका संपर्क नहीं हो रहा है। मुठभेड़ में मारे गए सोनीपत के सुमित और मोहित भी अपनी-अपनी गर्लफ्रेंड के संपर्क में थे। पुलिस इनसे मिली जानकारी के आधार पर शूटरों की गतिविधियों और संपर्कों की कड़ियां जोड़ रही है।
खाप भी परिवार के साथ
कालखंडे खाप के चौधरी संजय कालखंडे ने कहा कि पूरी खाप अंकित के परिजनों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि वांछित दोनों शार्प शूटरों को भी जल्द पकड़ा जाना चाहिए।