पालिका ने निर्माण कार्यों के लिए दोबारा निकाले टेंडर
शामली। नगरपालिका द्वारा 14वें वित्त आयोग से कराए जाने वाले 2.44 लाख करोड़ के निर्माण कार्यों के लिए ठेकेदारों और निर्माण एजेंसी द्वारा मानक पूरे न करने पाने के कारण 14 टेंडर अस्वीकृत होने के बाद अब दोबारा टेंडर की प्रक्रिया शुरू की गई है।
शासन ने नई गाइड लाइन जारी करते हुए नगर निकायों के द्वारा होने वाले निर्माण कार्यों के लिए के टेंडर प्रक्रिया में पीडब्ल्यूडी की तरह ही लगभग समान मानक व शर्तें निर्धारित की गई हैं ताकि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनी रहे। इसमें ठेकेदारों या निर्माण एजेंसी को तकनीकी डिप्लोमा होल्डर का होना अनिवार्य किया गया है। नगरपालिका शामली ने करीब 15 दिन पूर्व 2.44 करोड़ रुपये के सड़क और नाला निर्माण संबंधी 14 कार्यों के लिए टेंडर निकाले थे, लेकिन शासन की नई गाइड लाइन के अनुसार मानक पूरे न कर पाने के कारण सभी 14 टेंडर अस्वीकृत हो गए थे।
नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पहले निकाले गए सभी 14 टेंडर अस्वीकृत होने के बाद अब दोबारा 14 में से 13 कार्य के टेंडर निकाले गए हैं। 2.25 लाख रुपये के कार्य के लिए एक टेंडर की अनुमति जिला स्तरीय समिति द्वारा नहीं मिली है। निर्माण एजेंसी व ठेकेदारों से सभी मानक व शर्तें पूरे करते हुए टेंडर दाखिल करने को कहा गया है। शासनादेश के अनुसार मानक अधूरे मिलने पर टेंडर स्वीकृत नहीं होंगे। आठ मार्च की शाम पांच बजे तक वेबसाइट पर ऑनलाइन टेंडर डाले जा सकेंगे। इसके बाद आठ मार्च को टेंडर खोले जाएंगे।