थानाभवन/जलालाबाद। जनता कर्फ्यू के बाद सोमवार को कस्बों के बाजार खुले जरूर, लेकिन पहले के मुकाबले बाजारों में भीड़भाड़ कम ही देखने को मिली। हालांकि, जो लोग भी बाजारों में पहुंचे, उनके से अधिकांश ऐसे थे, जो सिर्फ घर में जरूरत का सामान खरीदने के लिए पहुंचे थे।
जनता कर्फ्यू के दौरान रविवार को थानाभवन-जलालाबाद सहित पूरे क्षेत्र में बाजार बंद थे। इस दौरान अधिकांश लोगों ने अपना दिन घर में ही परिवार के साथ बिताया। सोमवार को दोनों कस्बों के बाजार खुले, मगर आम दिनों की भांति बाजारों में ज्यादा भीड़भाड़ देखने को नहीं मिली। वहीं, ऐसे लोगों की संख्या भी कम नहीं थी, जो मुंह पर मास्क लगाकर बाजारों में पहुंचे थे। जो लोग बाजारों में पहुंचे, उनमें भी अधिकांश वह लोग थे जो घरों में जरूरत का सामान जैसे फल, सब्जी, राशन आदि की खरीदारी करने के लिए आए थे। क्योंकि, जिस तरह लगातार प्रदेश के जिलों को लॉकडाउन किया जा रहा है। लोगों को संदेह है कि जल्द ही शामली जिले को भी कई दिनों के लिए लॉकडाउन किया जा सकता है। ऐसे में उनके घरों में जरूरत का सारा सामान उपलब्ध होना जरूरी है। व्यापारी शिवम गोयल ने बताया कि आम दिनों के मुकाबले बाजार में भीड़ बहुत कम है। साथ ही जो लोग बाजारों में आए भी हैं, अधिकांशत लोग घरों का जरूरी सामान खरीद रहे हैं। वहीं, कस्बा निवासी सुरेंद्र उपाध्याय ने बताया कि पता नहीं कब जिले को लॉकडाउन कर दिया जाए, इसलिए वह आज ही सब्जी राशन का सामान खरीद रहे हैं।