थानाभवन में गन्ना समिति घोटाले का आरोपी।
- फोटो : SHAMLI
थानाभवन (शामली)। गन्ना समिति में हुए करीब 75 लाख रुपये के घोटाले के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी ने ही पीएनबी गालिबपुर में सांठगांठ कर समिति का नया खाता खुलवाया था। पुलिस इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
रविवार को थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि पिछले साल मार्च में गन्ना समिति की ओर से खतौली थाना क्षेत्र के गांव ग़ालिबपुर में खाता खुलवाकर एक करोड़ 32 लाख रुपये तीन चेक के माध्यम से जमा कराए गए थे। इनमें से समिति के तत्कालीन अधिकारियों ने 75 लाख रुपये का फर्जी कंपनियों को भुगतान कर दिया था। मामला प्रकाश में आने के बाद करीब एक माह पहले वर्तमान गन्ना समिति सचिव ने तत्कालीन सचिव, लेखाकार सहित कुल नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने जांच के बाद सबसे पहले समिति के तत्कालीन लेखाकार योगेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया था। इसके कुछ दिनों बाद सेंट्रल बैंक खतौली के तत्कालीन प्रबंधक मुकेश को गिरफ्तार कर लिया गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि रविवार को मुखबिर की सूचना के बाद पुलिस ने शामली शहर के बस स्टैंड से तीसरे आरोपी प्रणय को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि यह आरोपी ग़ालिबपुर का निवासी है और घोटाले का मुख्य साजिशकर्ता है। इसी ने बैंक के साथ सांठगांठ कर समिति का खाता खुलवाया था। बताया कि आरोपी का चालान कर दिया गया है। जल्द ही मामले से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।