डीएम के आश्वासन पर भाकियू की महापंचायत टली
शामली। खेड़ीकरमू बिजलीघर पर अधिशासी अभियंता चतुर्थ के कार्यालय में भाकियू के प्रदेश महासचिव जावेद तोमर और विद्युत कर्मी के बीच मारपीट को लेकर भाकियू की प्रस्तावित महापंचायत डीएम के आश्वासन पर टाल दी गई। साथ ही धरना भी समाप्त हो गया।
कैराना रोड पर स्थित खेड़ीकरमू बिजलीघर पर अधिशासी अभियंता चतुर्थ के कार्यालय में शुक्रवार को भाकियू के प्रदेश महासचिव जावेद तोमर और विद्युतकर्मी राजेंद्र कुमार के बीच मारपीट हो गई थी। दोनों पक्षों ने कोतवाली में तहरीर दी थी। मारपीट के विरोध में भाकियू कार्यकर्ताओं ने पहले कोतवाली में प्रदर्शन किया था और इसके बाद कलक्ट्रेट पहुंचकर बेमियादी धरना शुरू कर दिया था। भाकियू ने शनिवार को कलक्ट्रेट में महापंचायत करने की घोषणा की थी। कार्यकर्ताओं ने विद्युत निगम में भ्रष्टाचार और किसानों के शोषण होने का आरोप लगाया था। शनिवार को भाकियू कार्यकर्ता धरने पर बैठे रहे। शनिवार सुबह करीब 10 बजे डीएम जसजीत कौर ने भाकियू के प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात की। भाकियू नेताओं ने आरोपी विद्युतकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। डीएम ने भाकियू नेताओं को विद्युतकर्मी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने और विभागीय जांच कराने का आश्वासन दिया। साथ ही विद्युत निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कराकर किसानों की समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधि मंडल में शामिल भाकियू के प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप पंवार, प्रदेश महासचिव जावेद तोमर, जिलाध्यक्ष कपिल खाटियान, संजीव राठी, देशपाल सिंह ने डीएम के आश्वासन पर महापंचायत को टाल दिया और धरना खत्म करने की घोषणा कर दी। भाकियू के प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप पंवार ने बताया कि डीएम के आश्वासन पर महापंचायत टाल दी गई और धरना खत्म कर दिया गया है।
विद्युतकर्मी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
शामली। शहर कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा ने बताया कि भाकियू नेता जावेद तोमर की तहरीर पर विद्युतकर्मी राजेंद्र कुमार के खिलाफ मारपीट करने और धमकी देने की धारा में रिपार्ट दर्ज कर ली गई है। इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है।