झिंझाना के गांव खोकसा में युवक को ले जाती पुलिस। स्रोत वीडियोग्रेब
झिंझाना। गांव खोकसा में ससुराल में आए युवक को पुलिस जबरन अपने साथ ले गई। इस दौरान परिजनों ने विरोध किया जिसमें परिजनों और पुलिस के बीच खींचतान और धक्कामुक्की हुई। परिवार की महिलाओं ने पुलिस पर मारपीट, अभद्रता और जबरन 37 हजार रुपये छीनने के गंभीर आरोप लगाए है।
उत्तराखंड के जिला हरिद्वार के गाजीवाला निवासी रामा उर्फ सन्नी शर्मा गांव खोकसा में पिछले तीन दिन से अपनी ससुराल में पूर्ण सिंह के घर आया हुआ था। शुक्रवार दोपहर पुलिस गाड़ी से पहुंची, जिसमें कुछ सादे कपड़े में तो कुछ वर्दी में पुलिसकर्मी थे। पुलिस ने रामा को पकड़ लिया। इस दौरान परिजनों ने विरोध किया, जिससे दोनों के बीच खींचतान व हंगामा हुआ।
साले राधेश्याम ने बताया कि पुलिस उनके जीजा रामा को जबरन पकड़कर ले गई और उन्हें इस बारे में कोई जानकारी तक नहीं दी। इस दौरान पुलिस ने उनकी बहन पूजा के साथ मारपीट की। पूजा ने आरोप लगाया कि महिला पुलिसकर्मियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए कपड़े खींचे और उसकी जेब में रखे 37 हजार रुपये छीन लिए।
परिजनों का आरोप है कि पूर्ण सिंह के साथ मारपीट की गई और पुलिस जाते समय धमकी देकर गई कि जल्दी उसका भी एनकाउंटर कर दिया जाएगा। आरोप है कि मारपीट के दौरान पुलिस का एक डंडा भी मौके पर रह गया। परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एसपी एनपी सिंह का कहना है कि इस मामले की जानकारी की जाएगी। हो सकता है कि किसी मामले में पुलिस युवक को पूछताछ के लिए ले गई हो।