शामली। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव बुटराड़ा में चल रहे क्लीनिक और लैब को सील किया है। क्लीनिक संचालक को नोटिस देकर तीन दिन में पंजीकरण संबंधी दस्तावेज सीएमओ कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा गया है।
बाबरी क्षेत्र के गांव खानपुर निवासी पूर्व सैनिक बिजेंद्र सिंह ने सीएमओ डॉ. अनिल कुमार को शिकायती पत्र देकर बताया था कि उसका पुत्र हर्ष को आस्ट्रेलिया में पढ़ाई के लिए जाना है। इसके लिए शारीरिक जांच कराई जानी थी। उसने अपने पुत्र की जांच गांव बुटराड़ा में डॉ. आरिफ के क्लीनिक व लैब में कराई। जांच में उसके बेटे को हेपेटाइटिस पॉजिटिव बताया गया और उसे एक माह में ठीक करने के लिए 40 हजार रुपये का खर्च बताया। उसने दूसरी लैब पर जांच कराई तो हेपेटाइसिस नेगेटिव आया।
बिजेंद्र सिंह का कहना है कि उसने ऑरिफ को जांच रिपोर्ट दिखाई तो उसने पहले समझौता करने का दबाव बनाया और फिर शिकायत करने पर धमकी दी। सीएमओ ने इस मामले की जांच एसीएमओ डॉ. अश्वनी को सौंपी। बृहस्पतिवार को डॉ. अश्वनी ने टीम के साथ बुटराड़ा पहुंचकर जांच की तो संचालक से लैब के पंजीकरण संबंधी दस्तावेज मांगे तो वह मौके पर नहीं दिखा पाया। एसीएमओ ने लैब व क्लीनिक को सीज करते हुए संचालक को नोटिस देकर तीन दिन में दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा गया है।
-