शामली। यूपी बोर्ड व सीबीएसई की परीक्षाएं शुरू हो चुकी है। रात दस बजे के बाद डीजे का शोर परीक्षा में खलल डाल रहा है। इस तरह की शिकायतें मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर रही है। पिछले तीन दिन में करीब 16 शिकायतों पर पुलिस ने कार्रवाई कर डीजे बंद कराया है।
शादी का सीजन चलने से रात दस बजे के बाद भी डीजे बजने से बोर्ड परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों की तैयारियों में खलल पड़ रहा है। एक्स और डायल 112 पर विद्यार्थी और अभिभावक पुलिस से शिकायत कर रहे हैं। एक्स पर पोस्ट में लिखा गया है कि अगर इसी तरह डीजे का शोर होता रहा तो परीक्षा की तैयारी कैसे हो पाएगी। एक्स और डायल 112 पर मिली शिकायतों में डीजे के शोर से मानसिक रूप से परेशानी होना बताया गया है। शहर के माजरा रोड, धीमानपुरा, झिंझाना रोड आदि स्थानों से देर रात तक डीजे बजने की शिकायतें पुलिस को मिली है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डीजे बंद कराया और संचालकों को चेतावनी दी है।
इस संबंध में एसपी एनपी सिंह ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को रात दस बजे के बाद डीजे बजाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। थाना प्रभारियों को डीजे संचालकों से बात कर शासन की गाइड लाइन का पालन कराने और शिकायत मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का निस्तारण करने को कहा गया है।