पाले ने बढ़ाई ठिठुरन, सर्दी से हाल बेहाल
शामली। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी, मैदानी क्षेत्रों में रात में पाला पड़ने और शीतलहर जारी रहने से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। सुबह से शाम तक हीटर और अलाव से लोग हाथ तापते दिखाई दे रहे हैं। गर्म कपड़ों से भी राहत नहीं मिल पार ही है। पाला पड़ने से ठिठुरन लगातार बढ़ रही है।
सोमवार रात से पाला पड़ने से तापमान तीन डिग्री तक पहुंच गया था। मंगलवार को सुबह आकाश में हल्के बादल छाए रहे। सुबह नौ बजे धूप निकलने से मामूली राहत मिली। दिन में दस किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने से लोगों को ठिठुरन का अहसास हुआ। दिन का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के मृदा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. यूपी शाही के मुताबिक बर्फीली हवा अगले 24 घंटे जारी रहने का अनुमान है। शामली, बागपत, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर समेत वेस्ट यूपी के दस जिले शीत लहर की चपेट रहेंगे। 22 दिसंबर के बाद मौसम सामान्य होगा।
सब्जियों को नुकसान पहुंचा रहा पाला
शामली कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. विकास मलिक के मुताबिक पाला आलू, गोभी समेत कई सब्जियों को नुकसान पहुंचाना शुुरू कर दिया है। किसान आलू, गोभी समेत अन्य फसलों को पाले से बचाने के लिए खेतों में हल्की सिंचाई करें।
शामली में ठंड स्कूल जाते बच्चे- फोटो : SHAMLI
शामली भैंसवाल रोड पर पड़ा कोहरा- फोटो : SHAMLI
शामली कोहरे में गन्ने की बुग्गी मिल में ले जाता किसान- फोटो : SHAMLI