शामली। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में इस बार उत्तर पुस्तिकाओं का प्रारूप बदला जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत उत्तर पुस्तिकाओं पर अब दो की जगह एक ही मुख्य कवर पेज होगा। इसी पृष्ठ पर परीक्षा से संबंधित विवरण और परीक्षक की ओर से दिए गए अंकों का ब्योरा दर्ज किया जाएगा। बोर्ड की इस व्यवस्था का उद्देश्य उत्तर पुस्तिकाओं की पहचान को आसान बनाना और परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखना है।
नई व्यवस्था के तहत उत्तर पुस्तिकाओं के रंग भी अलग-अलग होंगे और उन पर क्यूआर कोड अंकित रहेगा। इससे कॉपियों की पहचान करने में आसानी होगी। साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं की अदला-बदली या उनके स्थान पर दूसरी कॉपी इस्तेमाल करने जैसी गड़बड़ियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
परीक्षा के दौरान उत्तर पुस्तिकाओं के रखरखाव और मूल्यांकन की प्रक्रिया में भी यह व्यवस्था उपयोगी साबित हो सकती है। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर जिले में भी तैयारियां की जा रही हैं। परीक्षार्थियों की संख्या के अनुसार परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा। इस बार जनपद में लगभग 24 हजार छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इसके लिए विद्यालयों की उपलब्धता, मौजूद सुविधाओं और बोर्ड की ओर से निर्धारित मानकों को ध्यान में रखा जाएगा।
परीक्षा केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार तैयारी करनी होगी।