संवाद न्यूज एजेंसी
शामली/थानाभवन। घरेलू रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के चलते सिलिंडर की आंच धीमी पड़ती जा रही है। तेल कंपनियों ने एक साल में गैस सिलिंडर के दाम में चौथी बार 50 रुपये की बढ़ोतरी की है। इससे गैस एजेंसियों के मुताबिक जिलेभर में बुकिंग में औसतन 20 फीसदी की गिरावट आई है। वहीं, देहात में 30 से 40 फीसदी तक गैस सिलिंडर आपूर्ति में कमी आ चुकी है।
रसोई गैस सिलिंडर की कीमतों में लगातार उछाल से रसोई का बजट बिगड़ रहा है। हालत यह है कि एक दिन पहले तक घरेलू रसोई गैस सिलिंडर के दाम एक हजार आठ रुपये थे। अब इसमें 50 रुपये की वृद्धि कर दी है। इसके चलते बुकिंग व आपूर्ति देखें तो ग्रामीण क्षेत्रों में 30 से 40 फीसदी कमी आई है। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्रदान किए मुफ्त गैस कनेक्शन के सिलिंडर भरवाने में बजट बिगड़ रहा है। शामली गैस एजेंसी की संचालिका पूर्णिमा बिंदल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में 30 से 40 फीसदी गैस सिलिंडर की आपूर्ति घट गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में गैस का प्रयोग कम करके लकड़ी व उपलों का इस्तेमाल बढ़ा दिया है। शहरी क्षेत्र में भी आपूर्ति प्रभावित हुई है।
ये बोले उपभोक्ता
चूल्हा जलाना पड़ रहा
मजदूरी करके परिवार का पालन करते हैं। सिलिंडर के बढ़ते दामों के कारण दोबारा से चूल्हा जलाना पड़ रहा है। ऐसे रसोई गैस के मुफ्त कनेक्शन का लाभ नहीं है। गैस भरवाने में बजट ही बिगड़ जाता है।-सुशीला देवी
बजट बिगाड़ दिया
घर का पूरा बजट तैयार रखती हूं। रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अकेले सिलिंडर के दाम ने पूरी रसोई का बजट बिगाड़ कर रख दिया है। पता नहीं ये महंगाई कहां जाकर रुकेगी।-मोनिका
सरकार कीमतें कम करे
सभी तरह के खाद्य पदार्थों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में गैस सिलिंडर भी महंगा होता जा रहा है। ऐसे में घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। सरकार को रसोई गैस की कीमतें कम करनी चाहिए।-पिंकी
कोट
रसोई गैस सिलिंडर के दाम में बढ़ोतरी से बुकिंग में कमी आई है। एजेंसियों पर प्रतिदिन की बुकिंग में करीब 20 फ़ीसदी की कमी आई है। जिस कारण एजेंसियां काफी प्रभावित हो रही हैं।-रतन सिंह निर्वाल, अध्यक्ष शामली एलपीजी एसोसिएशन
जिले में गैस सिलेंडर की तस्वीर
उज्ज्वला कनेक्शन- 10, 5000
सामान्य कनेक्शन- 2,50000
पूर्व में रोजाना गैस बुकिंग- 6000
अब बुकिंग की स्थिति- 4800