शामली। सरकार की महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड योजना से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं में उत्साह है। योजना के तहत आसान ऋण सुविधा मिलने से महिलाएं अपने छोटे कारोबार को आगे बढ़ाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं। समूह की महिलाओं का कहना है कि इस योजना से लखपति दीदी बनने का सपना अब दूर नहीं रहा।
गांव भैंसवाल की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी नीतू देवी ने बताया कि क्रेडिट कार्ड योजना से ऋण मिलने पर मशीनें बढ़ाने और काम का दायरा विस्तार करने की तैयारी है। इससे उनकी आमदनी भी बढ़ेगी।
गांव टिटौली की बबली का कहना है कि वह साबुन बनाने का काम करती हैं। अगर आसानी से ऋण मिल जाए तो पैकिंग और मार्केटिंग बेहतर कर सकती हैं। इससे उनकी कमाई दोगुनी हो सकती है और वे भी लखपति दीदी बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगी।
सुमन देवी ने बताया कि समूह की महिलाओं को बैंकिंग प्रक्रिया अब पहले से अधिक सरल लग रही है। सरकार की इस पहल से उन्हें आत्मविश्वास मिला है और अब किसी पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
कमलेश ने कहा कि योजना का लाभ मिलते ही वह डेयरी कार्य शुरू करने की योजना बना रही हैं। समूह की कई महिलाएं मिलकर काम करेंगी, जिससे आय में निश्चित रूप से बढ़ोतरी होगी।