झिंझाना। कस्बे के मोहल्ला तड़तला स्थित आवास कॉलोनी में 19 वर्ष बाद आखिरकार मुख्य सड़क का सीसी निर्माण कार्य शुरू हो गया है। लंबे इंतजार के बाद सड़क बनने से मोहल्ला वासियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेश पाल कश्यप के प्रयासों से शासन से धनराशि अवमुक्त कराई गई, जिसके बाद यह काम शुरू हो सका। कश्यप ने बताया कि वर्ष 2006 के बाद से कॉलोनी की सड़क का निर्माण नहीं हुआ था। इस वजह से लोगों को कच्ची सड़क से आना-जाना पड़ता था और बरसात के मौसम में तो हालात और भी बदतर हो जाते थे।
सड़क निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान पूर्व झिंझाना मंडल अध्यक्ष सतीश कश्यप, सभासद पति संजय कश्यप और नरेंद्र कश्यप भी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने कहा कि अब उन्हें बारिश में कीचड़ और जलभराव से निजात मिलेगी और आवागमन भी सुगम होगा।