शामली। जिले को टॉप करने वाला आकाश गुप्ता सेना में अफसर बनना चाहता है। सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने की उसकी ख्वाहिश है। इसके लिए वह एनडीए की परीक्षा की तैयारी में जुटा है।
मोहल्ला दयानंद नगर निवासी आकाश गुप्ता पर उसके पिता नरेंद्र व माता मुनेश देवी को नाज है। रविवार को यूपी बोर्ड के रिजल्ट में उसने जिला टॉप किया, तो परिजनों की खुशियों का ठिकाना नहीं रहा।
परिजनों का कहना है कि परीक्षाओं से आकाश कभी नहीं घबराया। करीब दो साल पहले अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से कराई गई अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा कराई गई। इस परीक्षा को भी उसने पास किया। जिसके लिए उसे छात्रवृत्ति मिली। 95 प्रतिशत अंकों के साथ जिले के टॉपर्स बने आकाश के ख्वाब देश सेवा करने के हैं।
वह एनडीए की परीक्षा पास कर सेना में अफसर बनना चाहता है। उसका कहना है कि वह लगातार इसके लिए मेहनत कर रहा है। इस सफलता का श्रेय वह अपने गुरुजनों को देता है। आकाश ने बताया कि परीक्षा के दौरान कभी भी तनाव नहीं लेना चाहिए। वह नियमित पांच घंटे पढ़ाई करता है।
उधर, मुजफ्फरनगर में यूपी बोर्ड हाईस्कूल के रिजल्ट में डीएवी इंटर कॉलेज के छात्रों ने बाजी मारी है। इंटरमीडिएट में 93 प्रतिशत अंक पाकर प्रिंसी ने कॉलेज टॉप किया। हाईस्कूल में 90 प्रतिशत अंक पाकर चंद्रगुप्त वर्मा टॉप रहे। डीएवी इंटर के प्रधानाचार्य शिवकुमार यादव ने बताया कि इंटर में जिले में सबसे ज्यादा बच्चे हैं।