कांधला। थाना क्षेत्र के गांव नाला में मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर किए गए हमले के दौरान चार महिलाओं समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां पर डॉक्टर ने घायलों को गंभीर हालत में उपचार के लिए रेफर कर दिया।
गांव नाला निवासी शौरण व रविंद्र दोनों पड़ोसी हैं। रविवार को दोनों पक्षों के बीच गली के आवारा कुत्ते के शौच करने को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। दोनों पक्षों के लोग मौके पर जमा हो गए। आरोप है कि शोरण ने रविंद्र पक्ष की किशोरी के साथ अभद्रता कर दी। जिसके बाद विवाद अधिक बढ़ गया। जिसके बाद जमकर मारपीट होने लगी। दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडे लेकर टूट पड़े। इस दौरान दोनों ओर से जमकर पथराव भी हुआ। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। खूनी संघर्ष होता देखकर ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना देकर मौके पर बुला लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर दोनों पक्षों को तितर-बितर कर दिया। वहीं घटना के दौरान घायल हुए लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। खूनी संघर्ष के दौरान शौरण पक्ष से बबलू, बालेंद्र, राजेंद्र व बाला और दूसरे पक्ष से रविंद्र, निर्मला, ज्योति, सोहनबीरी गंभीर रूप से घायल हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपस्थित डॉक्टर ने कुछ घायलों की चिंताजनक हालत को देखते हुए उपचार के लिए रेफर कर दिया है। वहीं घटना के संबंध में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है। मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत कपिल का कहना है कि शांति भंग करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।