कांधला। बढ़ती ठंड और शीत लहर के प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी अरविंद चौहान ने कस्बे स्थित रैन बसेरा का औचक निरीक्षण किया और जरूरतमंदों को कंबल बांटे।
पिछले कई दिनों से ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है और साथ ही शीत लहर ने भी मौसम को ओर अधिक ठंडा बना दिया है। शीत लहर से लोगों की कंपकपी बंधी हुई है। आलम यह है कि गर्म कपड़े और अलाव से भी ठंड से निजात नहीं मिल पा रही है। किसी को भी खुले आसमान के नीचे ठंड में ना सोना पड़े इसके लिए रैन बसेरों की व्यवस्था की गई है। मंगलवार देर रात जिलाधिकारी अरविंद चौहान ने कस्बा स्थित रैन बसेरे का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अरविंद चौहान ने निर्देश दिए कि रैन बसेरे में आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने कस्बे में घूमकर अलाव की व्यवस्था को परखा और पालिका कर्मचारियों को सार्वजनिक स्थानों पर हर हाल में अलाव की लकड़ी पहुंचाने के निर्देश दिए। सड़क किनारे सो रहे दो लोगों को भी रैन बसेरों में पहुंचाया। कस्बे में घूम रहे लोगों को जिलाधिकारी ने कंबल वितरित किए।