चौहरे हत्याकांड के आरोपी ने कोर्ट में लगाई जमानत अर्जी
शामली। शहर के मोहल्ला पंजाबी कॉलोनी में करीब नौ माह पहले हुए भजन गायक अजय पाठक परिवार हत्याकांड के आरोपी ने जिला एवं सत्र न्यायालय में जमानत के लिए अर्जी लगाई है। कोर्ट ने जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए तीन अक्तूबर की तारीख तय की है।
पिछले साल 31 दिसंबर 2019 की शाम करीब चार बजे आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के मोहल्ला पंजाबी कॉलोनी में भजन गायक अजय पाठक, उनकी पत्नी स्नेहा पाठक, बेटी वसुंधरा के शव उनके घर में मिले थे। तीनों की धारदार हथियारों से प्रहार कर रात में हत्या की गई थी। अजय का बेटा भागवत उस समय घर पर नहीं मिला। तलाश के दौरान उसी रात को भागवत का शव हरियाणा में पानीपत टोल प्लाजा के निकट कार में अधजली अवस्था में पुलिस ने बरामद किया था। पुलिस के मुताबिक भागवत की गला दबाकर हत्या की गई थी। पुलिस ने इस केस का खुलासा करते हुए अजय पाठक के करीबी शिष्य हिमांशु सैनी, निवासी गांव झाड़खेड़ी थाना कैराना को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घर से लूटे गए सोने-चांदी के गहने और करीब दो लाख रुपये बरामद किए थे। पुलिस ने दावा किया था कि आरोपी हिमांशु ने लालच में जघन्य चौहरे हत्याकांड को अंजाम दिया था, तब से आरोपी जेल में है। आदर्श मंडी थानाध्यक्ष संदीप बालियान ने बताया कि आरोपी हिमांशु ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से जिला एवं सत्र न्यायालय कैराना में जमानत की अर्जी लगाई है। जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए न्यायालय ने तीन अक्तूबर की तिथि दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि इससे पहले आरोपी ने कोर्ट में जमानत अर्जी नहीं लगाई है। उधर, इस घटना के वादी एवं अजय के बड़े भाई हरिओम पाठक ने बताया कि उन्हें अपने अधिवक्ता के माध्यम से डीजे कोर्ट में आरोपी हिमांशु की जमानत के लिए अर्जी दिए जाने और तीन अक्तूबर को उस पर सुनवाई होने की जानकारी मिली है।