बच्ची की मौत पर विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
कांधला। गांव गंगेरू में नौ माह की बच्ची की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को उसे पोलियो खुराक पिलाई और इंजेक्शन लगाया था, जिसके बाद उसे तेज बुखार हुआ और उसकी मौत हो गई। उधर, स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों का कहना है कि बच्ची काफी कमजोर थी। उसी वॉयल से आठ अन्य बच्चों को टीका लगाया गया था, जो पूरी तरह से स्वस्थ हैं।
शनिवार को गांव गंगेरू में स्वास्थ्य विभाग की टीम टीकाकरण और नवजात बच्चों को पोलियो की दवाई पिलाने के लिए गई थी। मोहल्ला तीड़वाला में कैंप लगाकर बच्चों को टीकाकरण और पोलियो की दवाई पिलाई थी। इसी दौरान आसिफ की नौ माह की बेटी युमना को पोलियो की दवाई पिलाने के साथ ही इंजेक्शन लगाया था।
परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन लगाने के बाद ही बच्ची की हालत बिगड़ गई थी। उसे तेज बुखार हो गया था। टीम से उसका उपचार करने के लिए कहा गया, लेकिन सामान्य बुखार बताकर बच्ची का उपचार नहीं किया गया। परिजनों ने उसका गांव में ही उपचार कराया, लेकिन रविवार दोपहर बच्ची की मौत हो गई। उधर, चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर कांति प्रसाद का कहना है जो इंजेक्शन लगाया गया है, उससे ऐसी घटना नहीं हो सकती है।