शामली। गांव जाफरपुर में बुखार के प्रकोप के चलते स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाकर मरीजों की जांच की। टीम ने इस दौरान बुखार से पीड़ित मरीजों की 14 रक्त पट्टिकाएं बनाईं। शिविर में बुखार व अन्य बीमारियों से पीड़ित करीब 102 मरीजों की जांच की गई।
गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के गांव जाफरपुर में पिछले महीने से बुखार का प्रकोप चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लिए गए बुखार पीड़ितों के रक्त नमूनों की जांच में तीन मरीजों को डेंगू पॉजीटिव आया है। इसके बाद आठ बुखार पीड़ितों में भी डेंगू की संभावना के चलते रक्त नमूने लेकर जांच के लिए मेरठ मेडिकल भेजे गए है, जिनकी अभी रिपोर्ट नहीं आई है। शुक्रवार को जिला मलेरिया अधिकारी डा. विनय के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम गांव में पहुंची और स्वास्थ्य शिविर लगाकर मरीजों की जांच की। शिविर में बुखार, खांसी, जुकाम, खुजली आदि बीमारियों के करीब 102 मरीजों की जांच कर दवा वितरित की गई।
इस दौरान बुखार पीड़ितों की 14 रक्त पट्टिकाएं बनाई गई, जिनकी रिपोर्ट दो दिन बाद आएगी। पूरे गांव में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। जिला मलेरिया अधिकारी ने ग्रामीणों को किसी अप्रशिक्षित चिकित्सक से उपचार न कराकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र कच्ची गढ़ी या थानाभवन अस्पताल में जांच और उपचार कराने की सलाह दी गई। स्वास्थ्य टीम में कृष्ण कुमार, राजेश कुमारी, सोनू, दिलशाद आदि मौजूद रहे।