शामली। उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक महासंघ (फुपुक्टा) के आह्वान पर सोमवार को वीवी पीजी कॉलेज के शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली, सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने सहित विभिन्न लंबित मांगों को पूरा करने की मांग उठाई।
मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. जयविन्द्र तोमर ने कहा कि प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों के शिक्षकों की कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इनमें पुरानी पेंशन बहाली, सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने, प्रोन्नति और स्थानांतरण से संबंधित मांगें प्रमुख हैं।
उन्होंने बताया कि फुपुक्टा के चरणबद्ध आंदोलन के तहत दो, तीन और चार नवंबर को महाविद्यालयों में शिक्षक काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज करा रहे हैं। पांच नवंबर को जिला मुख्यालय पर डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस दौरान डॉ. प्रताप कुमार, डॉ. नीना छोकर, डॉ. बबली, डॉ. छवि, डॉ. अर्शी खान, कुणाल सिंह, धीरेंद्र सिंह, गिरीश नारायण यादव, नारायण सिंह और सुमित रहे।