कांधला। आउटसोर्सिंग कंपनी की ओर से दो माह का बकाया वेतन नहीं मिलने से नाराज बिजली कर्मचारियों ने सोमवार से जसाला और खंदरावली बिजलीघरों पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक वेतन खातों में नहीं पहुंचता, तब तक काम पर नहीं लौटेंगे।
कर्मचारियों के अनुसार उपखंड अधिकारी राकेश कुमार आर्य और अवर अभियंता राजीव कुमार ने एक नवंबर तक वेतन दिलाने का आश्वासन दिया था, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ। मेहर एंटरप्राइजेज के सुपरवाइजर ने तकनीकी खराबी के कारण वेतन रुकने की बात कहते हुए पांच नवंबर तक दो माह का बकाया भुगतान करने का भरोसा दिया है।
हालांकि, कर्मचारियों ने भुगतान होने तक हड़ताल जारी रखने की बात कही है। हड़ताल से दोनों बिजलीघरों का कामकाज प्रभावित हो गया है। धरने में अमन, आरिफ, अंकित चौहान, सतेंद्र कुमार, अजय, अमित, विपिन और जसवीर आदि मौजूद रहे। ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता वीरेंद्र सिंह का कहना है कि कर्मचारियों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।