संवाद न्यूज एजेंसी
कांधला। पागल पिटबुल कुत्ते के काटने के बावजूद एक माह चार दिन तक सीरम की डोज नहीं लगवाई। नतीजन कस्बे के मोहल्ला रायजादगान के रहने वाले चाय विक्रेता राजीव शर्मा की एक सप्ताह बाद हालत बिगड़ गई और दिल्ली के प्राइवेट अस्पताल में मंगलवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
राजीव शर्मा (55) नगर के बुढ़ाना तिराहा पर चाय की स्टाल चलाते थे। भतीजे सिद्धार्थ ने बताया कि 16 मई को राजीव बाइक से दुकान बंद कर घर के लिए लौट रहे थे। इसी बीच हिंसक पागल पिटबुल कुत्ते ने उनके चेहरे पर हमला कर दिया था। चेहरा खून से लथपथ हो गया। इसके बाद परिजनों ने राजीव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराकर एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगवाया था।
परिजनों के अनुसार, चिकित्सकों ने सीरम की डोज लगवाने के लिए राजीव को दिल्ली रेफर कर दिया था। मगर परिजनों ने एक ही एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाकर सुरक्षित समझ लिया, सीरम की डोज नहीं लगवाई और सीधे घर ले गए। अब पांच दिन पूर्व तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें दिल्ली ले गए, लेकिन वहां से फायदा न मिलने पर अन्य प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। इन्फेक्शन पूरे शरीर में फैल चुका था।
दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान राजीव की मंगलवार को मौत हो गई। परिजनों ने गमगीन माहौल में शव का दाह संस्कार कर दिया। सीएमओ डॉ. अनिल कुमार ने मामले की जानकारी से इन्कार किया है।
कांधला के राजीव शर्मा का फाइल फोटो । संवाद