शामली। जिले में चल रहे कोरोनारोधी टीकाकरण के लिए सोमवार को मेगा कैंप आयोजित होगा। 76 बूथों पर 19400 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। लाभार्थियों का ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजकुमार सागर ने बताया कि जिले में सोमवार को मेगा कैंप में 76 बूथों पर टीकाकरण का माइक्रोप्लान तैयार किया गया है। टीकाकरण में 19400 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें कुड़ाना ब्लाक के 12 बूथों पर कोवैक्सीन लगाई जाएगी जबकि बाकी बूथों पर कोविशील्ड के टीके लगाए जाएंगे। सभी लाभार्थियों का बूथों पर ही रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। अगर किसी ने पहले से ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया हुआ है तो उसे भी टीका लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी तक जिले में 18 वर्ष से अधिक आयु के 953651 के लक्ष्य के सापेक्ष 607958 लोगों को टीके की पहली डोज और 211890 लोगों को टीके की दूसरी डोज लग चुकी है।