शामली। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं को पढ़ाई के साथ अब खेलकूद में भी निखारा जाएगा। इसके लिए जल्द ही जिला स्तर पर ट्रायल किया जाएगा। ट्रायल में चयनित छात्राओं को जिला, मंडल व प्रदेश स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिताओं में छात्राओं को प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा।
जिले में कैराना, भभीसा, बनत और ऊन में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय संचालित है। इन विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को जिले से लेकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक की प्रतियोगिताओं में खेलने का मौका मिलेगा। प्रदेश में स्पोर्टस फाॅर स्कूल कार्यक्रम के तहत शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए प्रदेश स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें माध्यमिक व बेसिक के साथ कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों की छात्राओं को भी शामिल किया जाएगा।
इसे लेकर छात्राओं को एक यूनिट के रूप में शामिल किया जाएगा। विद्यालयों की छात्राओं के चयन के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं का ट्रायल होगा, जिसमें छात्राओं की 14, 16 और 19 आयु वर्ग की विभिन्न खेलों की अलग-अलग टीमें तैयार की जाएगी। चयनित टीमें जिला, मंडल व राज्य स्तर पर होने वाले खेलकूद प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगी। राज्य स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने वाली छात्रा को राष्ट्रीय स्तर पर भी खेलने का मौका मिलेगा। डीआईओएस जेएस शाक्य ने बताया कि इस बार कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राओं को खेलकूद प्रतियोगिताओं में शामिल होने का मौका मिलेगा।