शामली। आईजी मेरठ बुधवार को एसपी शामली आफिस का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने थानाध्यक्षों की बैठक लेकर दिशा-निर्देेश दिए कि हर हाल में छोटी से छोटी घटना को गंभीरता से ली जाए।
सुबह आईजी जोन मेरठ अजय आनंद शामली एसपी आफिस पर पहुंचे। उन्होंने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों की क्राइम मीटिंग ली। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा कहा पुुरानी घटनाओं का जल्द खुलासा करें। अपनी मर्यादा तथा जिम्मेदारी को समझते हुए पुलिस अधिकारी पब्लिक हित में कार्य करें।
उसके बाद उन्होंने एसपी कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला सेल, चुनाव सेल, एलआईयू, एसपी रीडर कार्यालय का निरीक्षण किया। उसके बाद प्रेसवार्ता में आईजी ने कहा कि पुलिस हर हाल में छोटी से छोटी बात पर ध्यान रख रही है। हर समस्या का निस्तारण पुलिस की जिम्मेदारी है। सभी पुलिस अधिकारियों को अपना कर्तव्य समझते हुए पब्लिक के मन में अपने प्रति विश्वास कायम करना चाहिए, तभी लोग खाकी पर विश्वास करेंगे। महिलाओं के लिए शामली पुलिस ऐसा माहौल बनाए, ताकि वे अपने आप को सुरक्षित महसूस करें।
उन्होंने एसपी से कहा कि चेन स्नेचिंग पर ध्यान दिया जाए। इस दौरान एसपी विजय भूषण, एएसपी अनिल कुमार झा, सीओ सिटी निशांक शर्मा, सीओ थानाभवन आनंद, सीओ कैराना भूषण वर्मा, सीओ झिंझाना कुलदीप कुकरेती मौजूद रहे।