कांधला। मेरठ वाया एलम से पानीपत जाने वाली रेल लाईन की मांग को लेकर आंदोलन दिन प्रतिदिन रफ्तार पकड़ता जा रहा है। गंगेरु में दर्जनों गांव के लोगों ने पंचायत कर पुराने सर्वे के अनुसार रेलवे लाइन की मांग की तथा दो अक्तूबर को एलम में महापंचायत करने का एलान किया है।
मेरठ वाया एलम से पानीपत जाने के लिए रेल लाइन का सर्वे किया गया था। आरोप है कि क्षेत्रीय सांसद बाबू हुकुम सिंह अब रेल लाइन में बाधा बने हुए हैं। सांसद रेल लाइन को शामली कैराना से निकाले जाने का पक्ष ले रहे हैं। पता चलने पर मुजफ्फरनगर, बागपत व शामली जिले के लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। दर्जनों गांवों के लोगों की मांग है कि रेलवे द्वारा पुराने सर्वे के अनुसार ही लाइन बनाई जाए। मांग को लेकर क्षेत्र में आए दिन पंचायतें की जा रही हैं।
सोमवार को गंगेरू के प्राथमिक स्कूल में शाम चार बजे पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में नाला, हरियाखेड़ा, राजपुरगढ़ी, इस्सोपुरटील व एलम सहित दर्जनों गांवों के लोगों ने भाग लिया। पंचायत में आए सभी वक्ताओं ने अपनी मांग को लेकर एक स्वर में कहते हुए एलान किया कि जब तक रेलवे लाइन नहीं बनेगी आंदोलन जारी रहेगा।
पंचायत की अध्यक्षता ठाकुर घासीराम व संचालन सुनील पंवार ने किया। इस दौरान एलम चेयरमैन उदयवीर सिंह पंवार, डॉ. विक्रांत जावला, करण सिंह, नकली सिंह, अजय कुमार, संजीव फौजी, देवी सिंह सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। पंचायत में आयोजकों ने एलान किया कि इस कड़ी को आगे बढ़ाने के लिए एलम में 2 अक्तूबर को महापंचायत की जाएगी। वहां से लड़ाई के लिए आगे की रणनिति तय की जाएगी ।