थानाभवन। कस्बे में पांच साल तक के 268 बच्चे ऐसे है, जिनके परिवार ने उन्हें टीकाकरण नहीं कराया। मिशन इंद्रधनुष योजना के तहत चयनित किए गए इन बच्चों को टीकाकरण कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नगर पंचायत में सभासदों और अधिशासी अधिकारी के साथ बैठक कर सहयोग मांगा है।
शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे स्वास्थ्य विभाग की टीम चिकित्साधीक्षक डॉ. कांति प्रसाद के नेतृत्व में नगर पंचायत पहुंची। टीम ने अधिशासी अधिकारी मेघा गुप्ता और नगर पंचायत सभासदों के साथ बैठक की। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि पूरे देश में पांच साल तक के बच्चों के लिए सरकार की ओर से टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। कस्बे में फिलहाल 268 बच्चे ऐसे बचे हैं, जिनके माता-पिता ने उन्हें टीका नहीं लगवाया है। पूर्व में कई बार स्वास्थ्य टीम इनके घर गई और टीका लगवाने का आग्रह किया गया, बावजूद इसके उक्त लोग टीका लगवाने को तैयार नहीं हुए। टीका न लगवाने में चिह्नित किए गए बच्चे कस्बे के मोहल्ला नबीपुरा, कस्सावान, रोगनग्रान, सियादान, जोगियान व हाकिमान के है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग ने ईओ व सभासदों से आग्रह किया कि नगर पंचायत अपने स्तर इन बच्चों के परिजनों को जागरूक करें। इस दौरान ईओ और सभासदों ने स्वास्थ्य विभाग के इस अभियान में हर प्रकार का सहयोग करने का आश्वासन दिया। बैठक में सभासद देवेंद्र पंडित, विनोद सैनी, साजिद, वसीम, ऋषिपाल, मौहम्मद, रणवीर आदि रहे।