शामली। अपर दोआब चीनी मिल शामली के दूसरे दिन भी नहीं चलने से जाम की स्थिति बनी रही। बंगलुरु से आई इंजीनियरों की टीम मिल की टरबाइन में तकनीकी खराबी को तलाश करती रही। गन्ना वाहनों के जाम के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
शामली चीनी मिल की दो नंबर टरबाइन में अचानक फाल्ट आ गया था। बंगलुरु से आई इंजीनियरों की टीम रविवार को पूरे दिन फाल्ट तलाश करती रही। दूसरे दिन मिल गेट से लेकर शामली नगरपालिका रोड, शामली कोतवाली गेट, अग्रसेन पार्क, वर्मा मार्केट, वीवी इंटर काॅलेज रोड, अग्रसेन पार्क से शहर के धीमानपुरा रेलवे फाटक तक जाम लगने से आने-जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शामली मिल गन्ना महाप्रंबधक सतीश बालियान ने बताया कि बंगलुरु से आई इंजीनियरों की टीम को मिल की टरबाइन में फाल्ट मिल गया है। सोमवार दोपहर बाद टरबाइन में सुधार आ जाएगा।
रविवार रात 12 बजे तक मिल में 55 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई होने की उम्मीद है। रुक-रुक शामली मिल चल रही है। उन्होंने बताया कि जाम को नियंत्रण के लिए मिल के खरीद केद्रों पर गन्ने की तुलाई बंद की जाएगी।
मिल में खराबी से परेशान रहे किसान
गन्ना शुगर मिल में चल रही तकनीकी खराबी के चलते मिल में पहुंचने वाले किसान भी परेशान दिखे। शहर के रेलवे रोड पर ट्रैक्टर ट्राॅली पर बैठे गांव बीनड़ा के उदयवीर ने बताया कि उनका गांव 14 किलोमीटर दूर है। उसे पता नहीं था कि मिल खराब चल रहा है, अब उसे ठंड में रात गुजरनी पड़ेगी। गांव मीमला के किसान अमित ने बताया कि रात में काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। कंडेला के सुंदर किसान, खंद्रावली के सेठपाल किसान ने बताया कि इसकी पहले ही सूचना देनी चाहिए थी, जिससे वह घर से ही नहीं आते, अब पूरी रात ठंड में बितानी पड़ेगी।