शामली। अपर दोआब चीनी मिल शामली में शाम के समय गन्ने की ज्यादा ट्रॉलियां आने से शहर में जाम लग गया। शहर के हनुमान रोड पर गन्ने के वाहनों की लंबी लाइन लग गई। चीनी मिल ने पेराई की गति पकडी, तो जाम खुल पाया।
अपर दोआब चीनी मिल में सुबह छह बजे के बाद गन्ने की बोगी कम हो जातीं हैं। शाम छह बजे के बाद गन्ने के ट्रैक्टर-ट्राॅलियां भारी संख्या में गन्ना लेकर मिल में आतीं हैं।
ट्राॅलियों की संख्या ज्यादा होने से मिल यार्ड से लेकर मुख्य मार्ग तक वाहनों की लाइनें लग जातीं हैं। बृहस्पतिवार की शाम गन्ने की ट्रालियां आने और दूसरी ओर टोकन के इंतजार के कारण मिल गेट से लेकर हनुमान रोड, अग्रसेन पार्क के मोड़ पर गन्ने के वाहनों का जाम लग गया। जाम के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गन्ना महाप्रबंधक सतीश बालियान ने बताया कि शामली मिल 66 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई प्रतिदिन कर रहा है। शाम के समय ज्यादा गन्ने की ट्रॉलियां आने से कई बार जाम लगता है।