शामली। डायल-112 पर तैनात एक उपनिरीक्षक राजीव की हार्ट अटैक से मौत हो गई। ड्यूटी पूरी कर लौटने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। देर रात पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव लालपुर के मोहल्ला शक्तिनगर निवासी राजीव कुमार कौशिक (55) 1989 में यूपी पुलिस में भर्ती हुए थे। करीब डेढ़ साल से वह शामली में डायल-112 कार्यालय में रिस्पांस आफिसर के पद पर तैनात थे। बृहस्पतिवार रात आठ बजे ड्यूटी पूरी करने के बाद वह गांव मुंडेट स्थित अपने किराए के मकान पर लौटे थे। कमरे पर उनके साथ उनके मौसेरे भाई और आदर्श मंडी थाने में उपनिरीक्षक बृजपाल शर्मा भी रहते हैं। रात करीब साढ़े नौ बजे राजीव कौशिक को अचानक सीने में तेज दर्द हुआ। तत्काल गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
सूचना पर आदर्श मंडी थाना पुलिस और डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी। देर रात डीएम की अनुमति के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शुक्रवार तड़के चार बजे शव परिजनों को सौंप दिया गया।शुक्रवार देर शाम हापुड़ के गांव लालपुर में उपनिरीक्षक राजीव कुमार का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा और पुलिसकर्मियों ने उन्हें अंतिम सलामी दी।