शामली। वैदिक इंटर कालेज कुरमाली में तीन दिवसीय स्काउट गाइड कैंप का समापन हुआ। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने स्काउट मास्टर से प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर के अंतिम दिन स्काउट गाइड ने टेंट व तंबू लगाए और आपातकाल में आवश्यकता पड़ने पर देश सेवा व मानव सेवा का संकल्प लिया।
कैंप में स्काउट मास्टर राज सिंह ने स्काउट गाइड को रस्सियों में गांठें लगाना, स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, संक्रामक रोगों से बचाव और विभिन्न योग क्रियाओं के द्वारा स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। समापन के दौरान स्काउट और गाइड ने अपने हाथों से बनाए गए टेंट और तंबुओं को बेहतर ढंग से सजाया। प्रधानाचार्य कुलदीप सिंह ने स्काउट-गाइड को देश की सेवा का संकल्प दिलाया। मौके पर स्काउट व गाइड प्रभारी शिक्षक फूलचंद सरोज, कंवरपाल सिंह, जियाउल हक अंसारी, आजाद सिंह, नितेश यादव, चंद्रभूषण सोनी, हरभजन सिंह, नीरज कुमार, संदीप, विनोद यादव मौजूद रहे।