शामली। शहर के स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षक-अभिभावक समागम और कार्यशाला का आयोजन हुआ। कार्यशाला में छात्र-छात्राओं ने रोबोटिक कंपास और एटीएम मशीन के अलावा विभिन्न प्रोजेक्ट बनाते हुए उनका प्रदर्शन किया। निरीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं ने उनके कार्य करने के तरीके को विस्तार से बताया।
कार्यशाला का मुख्य विषय इंटरनेट गैजेट्स का बच्चों के जीवन पर पड़ता दुष्प्रभाव रहा। प्रधानाचार्या आशु त्यागी ने बताया कि आधुनिक समय में मोबाइल, लैपटॉप जैसे इंटरनेट गैजेट्स बच्चों के जीवन और व्यवहार पर गंभीर असर डाल रहे हैं। बच्चों की एकाग्रता, क्रियाशीलता, पारस्परिक
सहभागिता और अपने से बड़ों का सम्मान करने की आदत पर इनका प्रतिकूल प्रभाव देखा जा रहा है। ऐसे में शिक्षक और अभिभावक दोनों को मिलकर इस चुनौती का सामना करना होगा, क्योंकि इस समस्या का शिकार बच्चों के साथ-साथ बड़े बूढ़े या किसी को भी होते देखा जा सकता है।
उन्होंने उपस्थित अभिभावकों शिक्षकों को जागरूक करते हुए कहा कि पिछले कुछ समय से साइबर अपराधियों का जाल बढ़ता ही जा रहा हैं, इसलिए हमें इन गैजेट्स का पूर्ण सावधानी के साथ ही प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के पालन-पोषण का कोई निर्धारित सिलेबस नहीं होता। जैसे हमने अपने बड़ों से सीखा, वैसे ही आने वाली पीढ़ी हमसे सीखेगी। वहीं, साइकोलॉजिस्ट लुबना ने भी विचार रखे। संबंधित प्रदर्शनी में एआई बेस्ड कैलकुलेटर, रोबोटिक कंपास, एटीएम मशीन और मैथ्स बोर्ड क्विज बनाए और उनकी जानकारी दी।
बच्चों द्वारा एक ग्रीन वेजिटेबल मिनी मार्केट लगाया गया। जिसमें बच्चों के द्वारा सब्जी के स्टाल लगाकर सब्जियों की मात्रा से संबंधित उनकी कीमतों के साथ-साथ हरी सब्जियों के महत्व आदि पर प्रकाश डाला गया।