बाल दिवस पर बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा सम्मानित होने वाले बच्चे. विभाग
शामली। जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित बाल उत्सव एवं सम्मान समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी कला और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता बच्चों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत गान से हुई। डीएम अरविंद कुमार चौहान ने बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण में हो रहे सकारात्मक बदलावों की प्रशंसा की और ब्लॉक स्तर पर चयनित बच्चों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
बदलाव की कहानी में ब्लॉक कांधला से अंशी चौहान, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय से परी, अंकिता सिंभाल, कैराना विकास क्षेत्र से शिफा कॉमिक बुक निर्माण में कांधला से रिया मालिक, ऊन से सिया, लाइबा और थानाभवन से भावना को मंडल प्रतियोगिता हेतु चयनित किया गया। राज्य परियोजना कार्यालय, लखनऊ से मीना मंच प्रदेश प्रभारी सरिता ने ऑनलाइन बच्चों और शिक्षकों को उनके प्रगतिशील कार्यों के लिए सराहना और शुभकामनाएं दी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लता राठौर ने मीना मंच में हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों का श्रेय शिक्षकों और बच्चों को दिया और उन्हें और अधिक मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया। क्षेत्र अधिकारी अपेक्षा रानी ने बालिकाओं और महिलाओं को साइबर क्राइम से बचाव के उपाय भी बताए। कार्यक्रम में जिला समन्वयक सुशील कुमार, जितेंद्र कुमार, जय कुमार और शोभित मलिक उपस्थित रहे।