जलालाबाद। कस्बे के एल्पाइन कॉलेज ऑफ हायर एजुकेशन में छात्र-छात्राओं ने खराब व्यवस्था और शिक्षकों के गलत व्यवहार का आरोप लगा कर कॉलेज के मुख्य द्वार पर तालाबंदी करते हुए कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना दिया। इस दौरान एबीवीपी कार्यकर्ता की तबीयत बिगड़ गई। विद्यार्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि लैब में उपकरणों की कमी है, जिस कारण उनके प्रैक्टिकल प्रभावित हो रहे हैं।
शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में कॉलेज के छात्र-छात्राएं सुबह मुख्य गेट पर एकत्र हुए। विद्यार्थियों ने समस्याओें को लेकर जमकर नारेबाजी करते हुए मुख्य गेट पर तालाबंदी की। तालाबंदी होने से कॉलेज के जरूरी कार्य ठप रहे। छात्र-छात्राओं ने नारेबाजी करते हुए कॉलेज प्रशासन पर आरोप लगाया कि कॉलेज की लैब में उपकरणों की कमी है, जिस कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिक्षकों की ओर से पढ़ाई भी सुचारु रूप से नहीं कराई जाती है और वे छात्र-छात्राओं के साथ गलत व्यवहार करते हैं।
कहा कि कॉलेज परिसर में स्वच्छ पेयजल की भी उचित व्यवस्था नहीं है। पीने के पानी में कीड़े निकलते हैं। इस विषय में कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं लेकिन इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। एबीवीपी कार्यकर्ता राहुल शास्त्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि छात्रों की शिक्षा और सम्मान से खिलवाड़ किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि कुछ शिक्षक बस यात्रा के दौरान छात्र-छात्राओं से गलत व्यवहार करते हैं। छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक गलत व्यवहार करने वाले शिक्षकों को निलंबित नहीं किया जाएगा और माफी नहीं मांगी जाएगी, तब तक धरना जारी रहेगा।
छात्र-छात्राओं ने विद्यालय प्रशासन पर आरोप लगाया कि विद्यालय के अध्यापक और डायरेक्टर द्वारा फर्जी पुलिसकर्मी बनकर उनके परिजनों को फोन करके मुकदमा करने की धमकी दी जाती है। इस पर राहुल शास्त्री ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि धमकी देने वाले अध्यापकों और स्कूल प्रशासन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाए। धरनास्थल पर सुबह से ही छात्र-छात्राओं की भीड़ जुटी रही, जिसके चलते मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।
धरने के वक्त अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता राहुल शास्त्री की तबीयत बिगड़ गई। छात्रों ने उन्हें थानाभवन के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर राहुल का उपचार चल रहा है। इसके बाद छात्रों में स्कूल प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की।
इस मौके पर एबीवीपी विभाग संयोजक आकाश भारती, जिला संयोजक विष्णुदत्त, प्रदीप पुंडीर, जिला मंत्री बजरंगदल शालू राणा, हंसराज चौहान, विशाल शर्मा, शिवकुमार, आर्यन शर्मा, वैभव, कन्हैया, वंश, हर्ष पुंडीर, कार्तिक चौहान, चंदन पुंडीर, गौतम पुंडीर, आयुष, कार्तिक राणा, करण, अभिषेक, अंशुल, वंश, उमर, कशिश, वंशिका व खुशी मौजूद रहीं।