शामली। जल जीवन मिशन के तहत काम कर रहे जिले के ठेकेदारों ने महाराष्ट्र की कोल्हापुरे निर्माण एजेंसी के खिलाफ बकाया तीन करोड़ रुपये भुगतान रोक दिए जाने पर मेरठ–करनाल हाईवे पर बेमियादी धरना शुरू कर दिया है। ठेकेदारों का आरोप है कि उनकी मेहनत का भुगतान रोके जाने के कारण वे काम बंद करने को मजबूर हैं और उनका हक दबाया जा रहा है।
ठेकेदारों ने डीएम अरविंद कुमार चौहान को ज्ञापन सौंपकर तत्काल बकाया भुगतान की मांग की है। धरने पर दूसरे दिन भी ठेकेदार डटे रहे और अपने हक के लिए जोरदार प्रदर्शन किया। राहुल रघुवंशी ने बताया कि कोल्हापुरे की कंपनी पर ठेकेदारों का बकाया भुगतान इस प्रकार है। राहुल 9.5 लाख, अहसान 15 लाख, मंयक 27 लाख, जावेद 25 लाख, अमृतपाल 50 लाख, वीर प्रताप 8.28 लाख, हर्ष चौहान 52 लाख, संदीप 5 लाख, हसीन 25 लाख और नादिर 35 लाख रुपये।
ठेकेदारों ने कहा कि बकाया राशि न मिलने के कारण उनके सामने रोजमर्रा के काम और परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर भुगतान जल्द नहीं किया गया तो धरना और आंदोलन को और तेज किया जाएगा। डीएम अरविंद कुमार चौहान ने बताया कि शुक्रवार को इस मामले में ठेकेदारों और एजेंसी के अधिकारियों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें बकाया भुगतान को लेकर समाधान निकाला जाएगा। धरने में शामिल ठेकेदारों में राहुल, अहसान, मयंक, शहजाद, जावेद, अमृतपाल, धर्मेंद्र मलिक, वीर प्रताप, हर्ष चौहान, संदीप, हसीन, नादिर और निखिल शामिल रहे।