शामली। जिले के कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में रात में चोरों का शोर और ड्रोन दिखाई देने को लेकर दहशत का माहौल है। कैराना के गांव मोहम्मदपुर राई में महिला को युवक द्वारा चाकू से घायल करने का मामला सामने आने पर ग्रामीणों में दहशत बनी है। लोग रात में जागकर पहरा दे रहे हैं।
उधर, बाबरी में झंडा चौक के पास रात में चोर का शोर मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो मामला फर्जी पाया गया। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
जिले में रात को चोर होने व ड्रोन उड़ने की सूचनाओं को लेकर लोगों में दहशत बनी हुई है। पुलिस की जांच में अभी तक ये अफवाहें मिल रही हैं। सोमवार देर रात को बाबरी में झंडा चौक पर कुछ लोगों ने चोर होने का शोर मचा दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो सूचना फर्जी पाई गई। पुलिस ने चोर की अफवाह फैलाने वालों के बारे में जानकारी की, जिसमें तीन लोगों के नाम सामने आए। एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि मंगलवार को बाबरी पुलिस ने अफवाह फैलाने के आरोप में बाबरी निवासी मुकर्रम, नईम और फैसल को गिरफ्तार कर लिया। कैराना के गांव मोहम्मदपुर राई में नदीम का मकान गांव के बाहरी छोर पर स्थित है। सोमवार रात करीब नौ बजे नदीम की पत्नी शौचालय में गई थी। आरोप है कि शौचालय में बैठे अज्ञात युवक ने चाकू से हमला कर दिया। हाथ में चाकू लगने से वह घायल हो गई। महिला के शोर मचाने पर आरोपी भाग गया। इसके बाद पूरे गांव में चोरों का शोर मच गया और लोग डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। घायल महिला का निजी डॉक्टर के यहां उपचार कराया गया।
ग्रामीणों ने आरोपी को तलाश किया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण पहरा देने को मजबूर हो गए। ग्राम प्रधान के पति शहजाद अहमद का कहना है कि महिला को चाकू मारे जाने की सूचना है। पुलिस ने मामले की जानकारी होने से इन्कार किया है।
कस्बा जलालाबाद में पुराने बस स्टैंड से लेकर कुरैशी चौक, जामिन अली आर्यनगर, दिल्ली रोड, गंगोह रोड बाबूपुरा में रात होते ही शोर शुरू हो जाता है। इन मोहल्लों में लोग टोली बनाकर लाठी डंडे लेकर पहरा दे रहे हैं। कस्बे में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन इसके बाद भी अफवाहें नहीं थम रही है।
कस्बा झिंझाना के मोहल्ला सलारा, शाह मुबारिक और आस-पास के गांवों के अलावा कस्बा बनत में चोरों की आशंका ने लोगों की नींदें उड़ा दी हैं।
चोरों की अफवाहों से दहशत में आए लोग रातभर लाठी-डंडों के साथ गश्त कर रहे हैं। मोहल्ले के युवक समूह में रात के अंधेरे में गलियों में पहरा देते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, अब तक किसी चोर या संदिग्ध को पकड़ने की पुष्टि नहीं हुई है। थाना प्रभारी जितेंद्र शर्मा ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
बाबरी में चोर की अफवाह फैलाने के मामले में गिरफ्तार आरोपी। स्रोत पुलिस